सहारनपुर। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन द्वारा प्रेस वार्ता कर बताया कि थाना कोतवाली नगर पुलिस ने घंटाघर के निकट होटल रिडेक्शन में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी (साइबर फ्रॉड) में लिप्त 11 आरोपियों (7 पुरुष व 4 महिलाएं) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप चार्जर, 5 हेडफोन और 4,900 रुपये नकद बरामद किए।
एसपी ग्रामीण के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर होटल में छापा मारकर गिरोह को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अमेरिका के नागरिकों के कंप्यूटर सिस्टम पर वायरस युक्त पॉप-अप संदेश भेजकर, फर्जी टेक सपोर्ट देने के बहाने अल्ट्रा-व्यूअर सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कराते थे। इसके बाद बैंक खातों की जानकारी लेकर 300 से 900 डॉलर तक की धोखाधड़ी करते थे।
आरोपी बैंक अधिकारियों के रूप में डराकर विदेशी नागरिकों से गिफ्ट कार्ड खरीदवाते और उन्हें रिडीम कर नकद लाभ कमाते थे। गिरोह में दिल्ली, असम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और नागालैंड के युवक-युवतियां शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में थाना कोतवाली नगर पुलिस व साइबर थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।















