मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। जानसठ कोतवाली क्षेत्र में खतौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पलड़ी शाहपुर निवासी सरताज उर्फ भूरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी सलमान, निवासी नसीरपुर थाना नई मंडी, कांबिंग के दौरान पकड़ा गया। दोनों के पास से अवैध हथियार, चोरी की बाइक और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। यह सामान मंडी जिले में हुई डकैती और ककरौली व भोपा क्षेत्र की चोरी की घटनाओं से जुड़ा है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात और चंडीगढ़ में सक्रिय रहा है। बदमाश अपराध से पहले पेंटिंग, लकड़ी या बिजली का काम बताकर घरों की रेकी करते थे। गिरोह का सरगना फरमान पहले मंडी में एक घर में पेंट का काम कर चुका था और कुछ महीनों बाद उसी घर में लूटपाट की। पुलिस ने गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई तेज कर दी है।















