मुजफ्फरनगर के राम कॉलेज में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों के बीच अंतरमहाविद्यालयीय बॉक्सिंग (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न जिलों के कॉलेजों — गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन सहारनपुर, एमएस कॉलेज सहारनपुर, हरि कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट सहारनपुर, आईआईएमटी कॉलेज सहारनपुर, एके डी डिग्री कॉलेज बघरा, सीसीआरडी कॉलेज मुजफ्फरनगर, डीएवी कॉलेज मुजफ्फरनगर, दून कॉलेज तथा एसडी कॉलेज मुजफ्फरनगर — के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय की प्रतिनिधि डॉ. रीता बोरा, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल, निदेशक डॉ. अशोक कुमार तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार और विभाग के सहायक अध्यापकों द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय ने इस टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी राम कॉलेज को सौंपी थी, जिसके तहत विश्वविद्यालय टीम के चयन के लिए पुरुष व महिला वर्ग में टीम इवेंट मैच खेले गए।
बॉक्सिंग के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान राम कॉलेज मुजफ्फरनगर ने और द्वितीय स्थान एसडी कॉलेज मुजफ्फरनगर ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में भी राम कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया जबकि हरि कॉलेज सहारनपुर को द्वितीय स्थान मिला। चयनित खिलाड़ियों की टीम अब मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से नॉर्थ जोन अंतरविश्वविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेगी।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय टीम का नेतृत्व करने के लिए बधाई दी। आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार, प्रवक्ता भूपेंद्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप सहरावत, अमरदीप, प्रशांत, तरुण और विश्वदीप कौशिक सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।















