मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप की अध्यक्षता में तहसील सदर के विकास खंड बघरा में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। सदस्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जनसुनवाई से पूर्व उन्होंने विकास खंड बघरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें और कोई भी दवा बाहर से न लिखी जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का प्रसव सीएचसी में ही कराया जाए और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा व्यवस्था बेहतर रखी जाए।इसके साथ ही बाल विकास एवं पुष्ट आहार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई और पोषण पोटली का वितरण किया गया। छह माह के शिशुओं को अन्न प्राशन भी कराया गया। जनसुनवाई के उपरांत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में संभव अभियान तथा आठवें पोषण माह के दौरान सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 112, 1090, 181, 1098, 1076, 102, 108 जैसी सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन योजना, आयुष्मान भारत और महिला शक्ति केंद्र जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष शर्मा, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राय, खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, महिला थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार, समाज कल्याण विभाग के एडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव ने किया।















