भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान दिवस का कार्यक्रम, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस आयोजन में विभिन्न किसान यूनियनों के पदाधिकारियों और जनपद के सभी विकास खंडों से आए किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया और उनके शिकायती प्रार्थनापत्र प्राप्त किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि किसान दिवस के लिए एक अलग रजिस्टर बनाया जाए और प्राप्त होने वाली समस्याओं की ऑनलाइन फीडिंग की जाए ताकि उनका ट्रैक रखा जा सके। उन्होंने कहा कि अगले किसान दिवस में सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी किसानों को प्रदान करें और किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का कितना समाधान किया गया है, इस पर भी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।बैठक में किसानों ने विद्युत, चकबंदी, राजस्व, सड़कों, तालाब, स्कूल और पुलिया जैसी समस्याओं के बारे में अवगत कराया, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने यह भी घोषणा की कि जो किसान कृषि क्षेत्र में उन्नति करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
















