जयपुर। शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी राजन विशाल ने विभागीय अधिकारियों को बजट घोषणाओं के समयबद्ध एवं बेहतर क्रियान्वयन के लिए त्वरित गति से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वे पंत कृषि भवन के सभा कक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं के अनुरूप सभी योजनाओं को तय समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने क्रियान्वयन में आ रही परेशानियों को तत्काल दूर कर योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर ज्यादा से ज्यादा कृषकों को लाभ पहुंचाया जाए।
बैठक में फार्म पॉन्ड, डिग्गी, सिंचाई पाइपलाइन, कृषि यंत्र, तारबंदी, गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना, वर्मी कम्पोस्ट इकाई, सोलर, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर, बीज मिनिकिट वितरण, मधुमक्खी पालन, पॉली हाउस, शेडनेट हाउस, प्याज भंडार गृह सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर आयुक्त कृषि चिन्मयी गोपाल, आयुक्त उद्यानिकी सुरेश कुमार ओला, अतिरिक्त निदेशक कृषि (आदान) गोपाल लाल, अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) एस.एस. शेखावत, अतिरिक्त निदेशक कृषि (अनुसंधान) एच.एस. मीणा, अतिरिक्त निदेशक उद्यान अतर सिंह मीणा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।















