डीएम के निरीक्षण में शिक्षिका नदारद, कार्रवाई के निर्देश

बांदा जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मवई बुजुर्ग-1 और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलबई का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, कंपोजिट ग्रांट रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की गई।

प्राथमिक विद्यालय मवई बुजुर्ग में तीन सहायक अध्यापक और पांच शिक्षामित्र तैनात हैं। निरीक्षण के दौरान एक अध्यापिका अनुपस्थित पाई गई, जिस पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने निर्देश दिए कि छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और सभी बच्चे स्कूल में ड्रेस पहनकर आएं। विद्यालय की खिड़कियां ठीक कराने, स्टोर की सफाई करने और लाइब्रेरी में बेहतर व्यवस्था लागू करने के भी आदेश दिए गए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलबई में निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षा 6 और 7 के विद्यार्थियों से बातचीत कर शिक्षण कार्य की जानकारी ली। स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि सभी विद्यार्थियों की स्मार्ट क्लास में शिफ्ट के अनुसार कक्षाएं लगाई जाएं। विद्यालय में जल निगम की पाइपलाइन में पानी का रिसाव मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने और निर्माणाधीन दिव्यांग शौचालय के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रधान और सचिव को विद्यालय में जारी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालय में उपस्थिति रजिस्टर की जांच के बाद विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले और डीएम ने साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts