राजगढ़ (अलवर) में अंधता निवारण समिति के संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश पारीक ने दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला चिकित्सालय में लेबर रूम की सफाई और पुरुष चिकित्सालय में ऑपरेशन थियेटर, ब्लड स्टोरेज यूनिट, पेयजल सप्लाई और दवाईयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालयों में दवाइयों की उपलब्धता, लैब परीक्षणों और लू, ताप-घात जैसी स्थितियों के लिए उचित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डॉ. पारीक ने बताया कि उन्हें राज्य सरकार द्वारा अलवर जिले के चिकित्सालयों में निरीक्षण के लिए भेजा गया है ताकि अव्यवस्थाओं का पता चल सके। सामुदायिक चिकित्सालयों में सुधार के लिए इंचार्ज को निर्देश दिए गए हैं और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। सोनोग्राफी से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इमरजेंसी सेवाओं के लिए चिकित्सकों को दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर डॉ. कमलेश मीना, स्टोरकीपर मुकेश सोनी, राजेन्द्र सैनी, मांगेलाल मीना और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।















