राजगढ़ (अलवर)। कस्बे में नगरपालिका और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के चलते अवैध रूप से बेसमेंट निर्माण का कार्य लगातार जारी है। बिना किसी अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए मेला चौराहे सहित कई स्थानों पर जमीन की खुदाई कर निर्माण किया जा रहा है। खुलेआम कानून और सुरक्षा व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रविवार रात करीब दो घंटे की तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बने बेसमेंटों में पानी भर गया और कुछ बेसमेंट ढह भी गए। गनीमत रही कि उस समय कोई श्रमिक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की घटनाएं हुई थीं, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासनिक मौन और उदासीनता अब किसी बड़े हादसे के इंतजार जैसा प्रतीत हो रही है। सवाल यह उठता है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी अब तक चुप क्यों हैं?















