सहारनपुर : ननौता फूड पॉइजनिंग कांड के बाद भी नहीं जागा खाद्य विभाग, कांवड़ यात्रा पर मंडरा रहा खतरा

सहारनपुर जिले के ननौता कस्बे में मोहर्रम के दिन प्रसाद और खाद्य सामग्री वितरण के दौरान फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई, जिसमें लगभग 200 लोग बीमार हो गए। कई पीड़ितों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज दिल्ली तथा सहारनपुर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। हैरानी की बात यह है कि अब तक खाद्य सामग्री के स्रोत की न तो पहचान की गई है और न ही कोई सैंपलिंग जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, दूध, मक्खन, दही और कोल्ड ड्रिंक जैसी सामग्री में मिलावट की आशंका जताई जा रही है। समाजसेवी अफज़ाल चेयरमैन और नवेद अख्तर बबली ने इस घटना को प्रशासन और खाद्य विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया और चेतावनी दी कि यदि कांवड़ यात्रा से पहले खाद्य सामग्री की सख्त जांच नहीं हुई, तो लाखों श्रद्धालुओं की जान जोखिम में पड़ सकती है। वहीं, जिला खाद्य अधिकारी मनोज वर्मा ने मामले में जानकारी देने से कन्नी काट ली, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने मांग की है कि ननौता कांड की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान वितरित होने वाली सभी खाद्य सामग्री की पहले से जांच अनिवार्य की जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts