खतौली तहसील में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, निशुल्क अधिवक्ता व राष्ट्रीय लोक अदालत की दी गई जानकारी.

मुजफ्फरनगर की खतौली तहसील परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित परिवारों को लाभान्वित करने तथा विधिक सहायता संबंधी जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश बीरेंद्र कुमार, जो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष भी हैं, के मार्गदर्शन में तथा सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी की उपस्थिति में शिविर संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क अधिवक्ता सुविधा एवं विधिक हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिला, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य पात्र व्यक्ति बिना किसी शुल्क के न्यायिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने 22 फरवरी 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुजडु में आयोजित होने वाले मेगा विधिक सेवा शिविर की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से उसमें भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में बताया कि इसमें बैंक ऋण, यातायात चालान, विद्युत बिल, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद सहित विभिन्न मामलों का आपसी सुलह-समझौते और न्यूनतम जुर्माने के आधार पर त्वरित एवं सरल निस्तारण किया जा सकता है।

शिविर के दौरान बाल पुष्टाहार परियोजना खतौली की ओर से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक किट वितरित की गई, जिन्हें मुख्य अतिथि द्वारा लाभान्वित किया गया। ग्राम न्यायालय खतौली के न्यायाधिकारी ने बताया कि तहसील स्तर पर मीडिएशन के माध्यम से पारिवारिक एवं जमीनी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। तहसीलदार खतौली ने अतिथियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया तथा इस प्रकार के जागरूकता शिविरों के नियमित आयोजन पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का आह्वान किया।

जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन संस्था तथा ग्रामीण समाज विकास केंद्र के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र सिंह ने विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, श्रमिक पंजीकरण, किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों से आवेदन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन परलीगल वॉलंटियर गौरव मलिक ने किया। शिविर में परलीगल वॉलंटियर धनीराम, प्रवेश, बबीता, अरुण सागर सहित तहसील खतौली के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं विभिन्न प्रशासनिक विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts