सहारनपुर। इंडियन डेंटल एसोसिएशन सहारनपुर द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर उड़ान फाउंडेशन के बच्चों के साथ एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति के माहौल और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने बच्चों को दांतों की स्वच्छता और सही देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को डेंटल हाइजीन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि दांतों की सही देखरेख न केवल मुस्कान को सुंदर बनाती है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। बच्चों को नियमित रूप से ब्रश करने, सही तरीके से कुल्ला करने और मीठे व जंक फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। इस अवसर पर बच्चों को डेंटल किट्स भी वितरित किए गए, ताकि वे घर पर भी अपने दांतों की देखभाल सही ढंग से कर सकें।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों द्वारा बाहर का अस्वास्थ्यकर और कुपोषित आहार अधिक मात्रा में लेने से उनके दांतों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। यदि समय रहते दांतों का सही तरीके से पोषण और देखभाल नहीं की गई, तो कम उम्र में ही बच्चों को गंभीर दंत रोगों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को दांतों से जुड़ी सही और गलत आदतों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है।
संस्था के सचिव डॉ. हरमन प्रीत सिंह और कोषाध्यक्ष डॉ. रमनदीप सिंह ने भी बच्चों को दांतों की नियमित जांच और सफाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र से अच्छी आदतें अपनाने से भविष्य में बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. वैशाली जैन ने दांतों के मॉडल के माध्यम से बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि सिखाई, जिसे बच्चों ने बड़े ध्यान से समझा।कार्यक्रम को सफल बनाने और उसकी शोभा बढ़ाने में डॉ. समित जैन, डॉ. विक्रांत, डॉ. अमित त्यागी, डॉ. शैलजा चटर्जी, डॉ. दीपांकर, डॉ. अनुशील, डॉ. भावेश, डॉ. विराम उपाध्याया, डॉ. दीप्ति उपाध्य, डॉ. आशीष जैन, डॉ. अनुप्रिया, डॉ. राज रानी, डॉ. रजत शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।















