पेरिस पैरालंपिक के तीसरे दिन भारत ने अभी तक चार मेडल अपने नाम किए हैं, जिनमें तीन मेडल बैडमिंटन में आए हैं. शटलरनितेश कुमार ने पुरुषों के मेंस सिंग्लस SL3 मैच में ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया तो वहीं तुलसीमथी मुरुगेसन को महिला एकल SU5 स्वर्ण पदक मैच में चीन की किउ ज़िया यांग के खिलाफ हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.दिन का तीसरा मेडल मनीषा रामदास ने दिलाया.
मनीषा ने डेमनार्क की कैथरीन रोसेनग्रेन को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है. इन तीन पदकों के साथ भारत के मौजूदा पैरालंपिक में 11 पदक हो चुके हैं. उनसे पहले भारत के योगेश कथुनिया ने सोमवार को चल रहे खेलों में सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ-56 स्पर्धा में लगातार दूसरा पैरालंपिक रजत पदक जीता. बैडमिंटन स्टार सुहास यतिराज का अभी गोल्ड मेडल मैच बाकी है, जबकि स्टार तीरंदाज शीतल देवी और राकेश कुमार मिश्रित टीम कंपाउंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं. बाद में, सुमित अंतिल पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भाग लेंगे.
बता दें, ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत ने लगातार दो पैरालंपिक खेलों में मेडल टैली में दहाई का आंकड़ा पार किया है. भारत ने टोक्यो में 19 पदक जीते थे. पेरिस में भारत अभी तक 11 पदक जीत चुका है. सोमवार को भारत अपने पदकों की संख्या को बढ़ाकर 17 करना चाहेगा.















