अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) इस पर बात लेकर खफा रहे हैं कि भारत रूस से तेल खरीदता है। वहीं अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण भारत को ईरान से तेल खरीदना भी मुश्किल रहा है।अब इस बीच ट्रंप का एक नया बयान आया है। ट्रंप के नए बयान के अनुसार भारत अब ईरान के बजाय वेनेजुएल से तेल खरीदेगा। ट्रंप ने कहा है कि, “चीन का स्वागत है, वे आएं और तेल पर एक शानदार डील करें… हमने पहले ही एक डील कर ली है। भारत आ रहा है, और वे ईरान से तेल खरीदने के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे। तो, हमने पहले ही डील का कॉन्सेप्ट बना लिया है…”।
रूस-ईरान को छोड़कर वेनेजुएला से तेल खरीदो
व्हाइट हाउस के अनुसार ट्रंप ने कहा है कि “हमने वह समझौता कर लिया है, समझौते की अवधारणा तैयार हो चुकी है,”। ट्रंप का यह कमेंट अमेरिका द्वारा भारत को यह बताने के एक दिन बाद आया है कि वह रूसी तेल के इंपोर्ट को बदलने में मदद करने के लिए जल्द ही वेनेजुएला के तेल की खरीदारी फिर से शुरू कर सकता है। यानी ट्रंप चाहते हैं कि भारत रूस-ईरान को छोड़कर वेनेजुएला से तेल खरीदे।
वेनेजुएला के तेल पर ट्रंप का कंट्रोल
ट्रंप ने कहा है कि जनवरी में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद अमेरिका ने तेल से भरपूर देश पर कंट्रोल कर लिया है। जनवरी में टेक्सास, लुइसियाना और मिसिसिपी की रिफाइनरियों के लिए वेनेजुएला से कच्चे तेल से भरे 18 जहाजों का एक बेड़ा रवाना हुआ, जो दिसंबर 2024 के बाद सबसे ज्यादा है।
क्या है ट्रंप का प्लान?
अमेरिका की तरफ से भारत को वेनेजुएला का कच्चा तेल सप्लाई करने की कोशिश ऐसे समय में हो रही है, जब वॉशिंगटन यूक्रेन में युद्ध के लिए रूस को मिलने वाले तेल रेवेन्यू को कम करना चाहता है। पिछले साल मार्च में ट्रंप ने वेनेजुएला का तेल खरीदने वाले देशों पर 25% टैरिफ लगाया था, जिसमें भारत भी शामिल था।
ट्रंप ने शनिवार को यह भी कहा कि चीन का भी अमेरिका के साथ वेनेजुएला का तेल खरीदने के लिए डील करने का स्वागत है।















