भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम की मिट्टी को माथे से लगाया। उनका ये भावुक पल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात दी और ट्रॉफी पर तीसरी बार कब्जा जमाया। भारत अब टी20 वर्ल्ड कप को तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है।
मेन इन ब्लू घर पर पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। इससे पहले कभी भी होस्ट नेशन ने टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता था। हालांकि, टीम इंडिया ने ये कर दिखाया है। सूर्या की कप्तानी में भारत ने घर पर विश्व कप अपने नाम किया। कप्तान के तौर पर वर्ल्ड कप जीतने के बाद सूर्या भावुक दिखाई दिए और उन्होंने मिट्टी का तिलक लगाया।
सूर्यकुमार यादव ने मिट्टी को माथे से लगाया
भारत ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मात दी। इसी के साथ टीम इंडिया ने अपना टाइटल डिफेंड किया। मैच जीतने के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव भावुक दिखाई दिए। उन्होंने पिच की मिट्टी को माथे से लगाया। सूर्या का ये भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भारत ने न्यूजीलैंड को हराया
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरूआत शानदार रही। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बना डाले। टीम इंडिया के लिए तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। संजू सैमसन ने सबसे अधिक 89 रनों की पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रनों की पारी खेली।
भारत के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और उन्होंने न्यूजीलैंड को 159 रनों पर समेट दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने मुकाबले को 96 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल की गेंदबाजी की और उन्होंने 4 ओवरों में 15 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल किए।















