राजस्थान के जयपुर में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थली के नव स्वरूप का लोकार्पण किया, जहां उन्होंने प्रदर्शित हस्तशिल्प उत्पादों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने राजस्थान के पारंपरिक हस्तशिल्प और हुनर से जुड़े उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने और कारीगरों व हस्तशिल्पियों को व्यावसायिक लाभ दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी इस दौरान राजस्थान के प्रसिद्ध हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन किया और स्थानीय कारीगरों से बातचीत कर उनके उत्कृष्ट शिल्प को सराहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्वदेशी’ अभियानों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को वैश्विक मंच पर पहचान मिल रही है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।















