डीडवाना जिले के कुचामन सिटी में “अपना घर आश्रम” के नवनिर्माण कक्ष का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान भाजपा सरकार के हवा महल से विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उनके करकमलों द्वारा इस कक्ष का लोकार्पण किया गया। विधायक बनने के बाद से बालमुकुंदाचार्य महाराज लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं, और इसी क्रम में उन्होंने कुचामन पहुंचकर लोकार्पण समारोह में भाग लिया।इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की और भाजपा सरकार की नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई है। राजस्थान में पहले साइबर क्राइम, माफिया गिरोह और वसूली करने वाले विभिन्न अपराधी सक्रिय थे, लेकिन सरकार ने इन पर कड़ी कार्रवाई की है। पेपर लीक माफिया के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पहले महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में कोई सुनवाई नहीं होती थी, लेकिन अब इन मामलों पर सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रतिदिन 23 दुष्कर्म के मामले सामने आते थे, जो सालभर में हजारों की संख्या में पहुंच जाते थे। अब इन घटनाओं पर नियंत्रण किया गया है, और अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है।
बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि सरकार कानून और नियमों का पालन करने वालों का समर्थन करती है, लेकिन जो लोग अपराध में लिप्त हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अपराधियों पर बुलडोजर भी चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दुष्कर्मियों को फांसी तक की सजा दी जाएगी, और जो लोग इन अपराधियों का समर्थन कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार अपराध मुक्त राजस्थान बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।















