सताना गांव में 38 लाख की जल योजना फेल, ट्यूबवेल 20 महीने में सूखा

मालाखेड़ा उपखंड के सताना गांव में जल जीवन मिशन के तहत 38 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण जल योजना स्वीकृत हुई थी। इस योजना के अंतर्गत गांव में ट्यूबवेल और 3515 मीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया। योजना के तहत 27 सितंबर 2021 को कार्य आदेश जारी हुआ था और इसे फरवरी 2022 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से हुआ।

ट्यूबवेल से गांव के 734 मतदाताओं और करीब 1120 लोगों को पानी उपलब्ध कराने की योजना थी, लेकिन यह केवल 20 महीने ही ठीक से चल पाया। दो महीने पहले ही ट्यूबवेल सूख गया, जिससे ग्रामीणों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम की शुरुआत से पहले ही गांव के लोगों को पानी की किल्लत सताने लगी है। मजबूरन ग्रामीणों को 500 रुपये प्रति टैंकर पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है।

सताना गांव की ब्राह्मण, राजपूत, दलित, माली समाज की बस्तियों में पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों ने बताया कि अभी गर्मी का मौसम दूर है और पानी की यह स्थिति है, आने वाले दिनों में यह समस्या और बढ़ सकती है। रसाल बाई, मनभरी शर्मा, शारदा देवी, सुनीता देवी, गीता, मीरा, रामस्वरूप, दीनदयाल, राजू और टिंकू सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल सूखने के बाद से पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।

गांव के निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के विधायक टीकाराम जूली और सांसद भूपेंद्र यादव हैं। जल जीवन मिशन योजना में गांव में केवल एक ही ट्यूबवेल लगाया गया था, जो कभी-कभी पानी देता था, लेकिन अब पूरी तरह से सूख चुका है। मजदूर वर्ग के अधिक होने के कारण पानी की समस्या और भी विकट हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सूखे ट्यूबवेल की जगह दूसरा ट्यूबवेल लगाया जाए।

जलदाय विभाग के सहायक अभियंता हितेश कुमार ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत लगाए गए ट्यूबवेल में पानी नहीं है और इसे लेकर नया ट्यूबवेल लगाने का प्रस्ताव तैयार कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से जयपुर भेजा गया है। जल स्वच्छता समिति की अध्यक्ष कुसमा देवी ने बताया कि ट्यूबवेल नकारा हो चुका है, जिससे गांव में पानी की भारी किल्लत है। इस संबंध में केंद्रीय वन मंत्री विभाग को पत्र लिखा गया है ताकि जल्द से जल्द नया ट्यूबवेल लगाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts