मुजफ्फरनगर के विकास भवन में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय रेलवे एवं जल शक्ति राज्य मंत्री व प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने संयुक्त रूप से की। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दोनों मंत्रियों का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।बैठक में मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनसे स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए सामुदायिक शौचालयों की स्थिति, उपयोग और निर्माण की जानकारी प्रस्तुत की।राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति शौचालय सुविधा से वंचित न रह जाए। ऐसे सभी परिवारों की शीघ्र पहचान कर उन्हें शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हों और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री ने भी जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब तक कराए गए कार्यों की जानकारी साझा की और कहा कि शासन इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका के ईओ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















