मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में लंबे समय से उपेक्षित पड़ी 40 फुटे जर्जर सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक और जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया। यह निर्माण कार्य मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा शुरू कराया गया है। उद्घाटन के दौरान सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि विकास की रोशनी हर क्षेत्र तक समान रूप से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और यह कार्य बिना किसी भेदभाव के किया जाएगा। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता के उत्पीड़न और अवैध उगाही को हर हाल में रोका जाए। उन्होंने कहा कि जनता के साथ अत्याचार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए सांसद और जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेता सोमपाल सिंह कोरी, अन्नू कुरैशी, शहजाद चीकू, हसीब राणा, नौशाद पहलवान, इमलाक प्रधान समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।















