मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित ऑर्किड पार्टी हॉल रेस्टोरेंट में मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने किया। बैठक में जिले के कई प्रमुख दवा व्यापारियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और एसोसिएशन पर पूर्ण आस्था जताई। सदस्यता ग्रहण करने वालों में पुष्पेंद्र मलिक, संजीव वर्मा, संजीव गुप्ता, विजेंद्र सिंह राणा और संदीप कुमार जैसे प्रमुख दवा व्यापारी शामिल रहे। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का माला और अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।संगठन के अध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि वह सभी नए सदस्यों का हृदय से स्वागत करते हैं और उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि एसोसिएशन हमेशा दवा व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के 99 प्रतिशत दवा व्यापारी शासन के नियमों के अनुरूप सही व्यापार कर रहे हैं। लेकिन मात्र 1 प्रतिशत व्यापारी ऐसे हैं, जो गलत मार्ग पर चलकर जल्दी पैसा कमाने की चाह में नकली दवाओं या अवैध व्यापार में संलिप्त हो जाते हैं। ऐसे लोगों की वजह से पूरे दवा बाजार की छवि खराब होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन गलत काम करने वाले व्यापारियों का कभी साथ नहीं देगा।सुभाष चौहान ने हाल ही में आगरा और लखनऊ में पकड़ी गई लगभग 60 करोड़ की नकली दवाइयों की खेप पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के लिए विशेष जांच टीम गठित करने की घोषणा की है। चौहान ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नकली दवा कारोबार न सिर्फ व्यापारियों के लिए बल्कि जनता की सेहत के लिए भी गंभीर खतरा है।इस अवसर पर संगठन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल और सतपाल मलिक ने भी दवा व्यापारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे दवाइयों की खरीदारी केवल कंप्लीट बिल के माध्यम से करें और भुगतान आरटीजीएस जैसे सुरक्षित माध्यमों से करें। इससे नकली दवाओं के व्यापार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद क्षेत्र के व्यापारी सरकार को बड़ी मात्रा में जीएसटी का योगदान दे रहे हैं, जिसकी जीएसटी अधिकारी भी सराहना कर रहे हैं। लेकिन अफसोस की बात है कि कुछ प्रतिशत व्यापारी गलत काम करके पूरी बिरादरी को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे व्यापारियों का बहिष्कार करना ही सही रास्ता है।सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख दवा व्यापारी पुष्पेंद्र मलिक ने कहा कि वह तन, मन और धन से हमेशा संगठन के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान को छोटे भाई समान बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे और दवा व्यापारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।संस्था के संरक्षक आर.के. गुप्ता ने भी सभी नए सदस्यों का स्वागत किया और उनके संगठन से जुड़ने को एसोसिएशन के लिए मजबूती बताया। इस बैठक में दिव्य प्रताप सोलंकी, सतीश तायल, मनोज गर्ग, सुबोध जैन, पंकज तनेजा, सचिन त्यागी, नरेंद्र सैनी, हरीश गुप्ता, सुजीत शर्मा, अरुण प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा, संदीप चौहान, अतिशय जैन और सुधीर यादव सहित जिले के अनेक दवा व्यापारी मौजूद रहे।























































