मुजफ्फरनगर। अपनों को अचानक खो देने का दर्द बेहद गहरा और असहनीय होता है। वैष्णो देवी यात्रा के दौरान रामपुरी के प्रजापति समाज के छह तीर्थयात्रियों की असामयिक मौत ने पूरे जनपद को हिला दिया था। यह त्रासदी सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि कई परिवारों की उम्मीदों, सपनों और भविष्य पर काली छाया बनकर टूटी। ऐसे समय में संवेदना के साथ मदद को बढ़ते हाथ पीड़ित परिवारों के लिए मरहम साबित होते हैं। आयोजित शोकसभा में नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ दुख साझा किया, बल्कि ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान तीनों प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।गौरव स्वरूप ने कहा कि हादसे में मासूम बच्चों की मौत से जो पीड़ा पैदा हुई है, उसे शब्दों में बयां करना असंभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हादसे से प्रभावित परिवारों के जिन बच्चों की शिक्षा में रुचि है, उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च वे स्वयं उठाएंगे। साथ ही हादसे में घायल हुए यात्रियों के इलाज की समुचित और नि:शुल्क व्यवस्था भी कराई जाएगी। गौरव स्वरूप ने यह भी कहा कि इन मासूमों की स्मृति में कुछ ऐसा किया जाएगा, जिससे न केवल इस मोहल्ले की पीड़ा को पहचान मिलेगी, बल्कि पीड़ित परिवारों को संबल भी मिलेगा।पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी शोकसभा में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि छह मृतकों में शामिल मासूम भाई अनंत और दीपेश की दर्दनाक मृत्यु ने सबका दिल दहला दिया है। उन्होंने घोषणा की कि इन दोनों बच्चों के घर तक पक्की सड़क बनवाकर उसे उनकी स्मृति को समर्पित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने तत्काल हल्का लेखपाल राहुल शर्मा को मौके पर बुलाया और निर्माण संबंधी जानकारी ली। बताया गया कि डूडा द्वारा प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है और पालिका व तहसील स्तर से एनओसी भी जारी हो चुकी है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि यह सड़क अनंत और दीपेश की यादों को जीवंत रखेगी और आने वाली पीढ़ियां भी इन्हें स्मरण करेंगी।उन्होंने विशेष रूप से पीड़ित परिवारों की महिलाओं और बच्चों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका संघर्ष अकेला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भले ही जो चले गए, उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन दुख बांटने से बोझ हल्का होता है और समाज की एकजुटता हर संकट का सामना करने की ताकत देती है। रामपुरी क्षेत्र के लोगों ने स्वरूप दंपत्ति के इस सहयोग को भावभीनी कृतज्ञता के साथ स्वीकार किया। परिजनों ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक सहारा है, जो उनके परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया है।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र पाल, केशव मंडल अध्यक्ष नंद किशोर पाल, युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद मनोज वर्मा, रजत धीमान, हनी पाल, अर्जुन प्रजापति, रविकांत शर्मा उर्फ काका समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोकसभा का माहौल गमगीन जरूर था, लेकिन स्वरूप दंपत्ति के आश्वासन और सहयोग से पीड़ित परिवारों के चेहरों पर उम्मीद की हल्की सी रोशनी झलकती दिखी।















