कोर कमेटी बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति पर की सख्त समीक्षा

मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासनिक समन्वय समिति (कोर कमेटी) की बैठक विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री ऊर्जा व वैकल्पिक ऊर्जा डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की प्रगति, प्रभावशीलता और क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों से चल रही योजनाओं की स्थिति पर जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या प्रस्तुत की। अधिशासी अधिकारी जल निगम ने जानकारी दी कि हर घर नल योजना के अंतर्गत 29 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं और उनकी सूची जिला अध्यक्ष को उपलब्ध करा दी गई है। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की अद्यतन सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए तथा शेष परियोजनाओं, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां सड़कों को खुला न छोड़ा जाए और मरम्मत कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए।

शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि संयुक्त टीम बनाकर प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। वेंडरों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर उन्हें वहां व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने को कहा गया। साथ ही सड़क पर रोड़ी-बजरी डालने, बड़े वाहनों के खड़े रहने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और तेज गति से ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर और अन्य योजनाओं के संबंध में शिविर लगाकर आम जनता को जागरूक करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब अवश्य दिया जाए और समन्वय बनाकर कार्य किया जाए।

बैठक में स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्यमशीलता विभाग के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, एमडीए सचिव कविता मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिला अध्यक्ष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts