अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में गुरुवार को भीषण गर्मी से राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से समाजसेवियों और धार्मिक संस्थाओं द्वारा शीतल जल व मीठे शरबत की प्याऊ लगाई गई। बाबा गिरवरनाथ जी महाराज मंदिर समिति की ओर से अलवर-दिल्ली हाईवे पर प्याऊ का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मंदिर महंत बाबा नंदलाल जी महाराज ने विधिवत रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य एडवोकेट मोहित जैन ने बताया कि तीखी धूप और लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए समिति ने यात्रियों और राहगीरों की सुविधा के लिए यह प्याऊ लगाई है। मौके पर सेवादार हरि वर्मा, कुंदन वर्मा, अमरचंद, रतनलाल ठेकेदार, लखविंदर सिंह, विक्की वर्मा, अंकित शर्मा समेत कई सदस्य मौजूद रहे और सेवा में जुटे रहे।
वहीं दूसरी ओर गुलाब वाटिका के सामने गुर्जर समाज की ओर से भी सेवा भाव के साथ प्याऊ का आयोजन किया गया। इस पहल में गुर्जर समाज के नेता भरतु गुर्जर, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सतीश गुर्जर, समाजसेवी शिवराम गुर्जर, जगदीश गुर्जर सहित कई समाजसेवियों ने भाग लिया। सेवादारों ने वाहनों को रोककर उनमें बैठे यात्रियों को शीतल जल व मीठा शरबत वितरित किया, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।गर्म मौसम में आमजन की सेवा में जुटे इन समाजसेवियों और धार्मिक संगठनों की यह पहल न सिर्फ प्रेरणादायक है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना का बेहतरीन उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।















