लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार के दरभंगा जिले के मोगलपुरा स्थित अंबेडकर छात्रावास में आयोजित “शिक्षा न्याय संवाद” कार्यक्रम में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। छात्रों के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि आज देश के युवाओं की आवाज दबाई जा रही है, लेकिन वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने छात्रों से कहा, “आपकी शक्ति मेरे पीछे है, और यही शक्ति सरकार को बदलने का काम करेगी।”
इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले राहुल गांधी को प्रशासन ने रोकने की कोशिश की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर जमकर हंगामा हुआ। प्रशासन की रोक के बावजूद राहुल गांधी पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र की आवाज़ दबाने की कोशिश बताया।
राहुल ने शिक्षा व्यवस्था में समानता और न्याय की मांग करते हुए केंद्र की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को व्यापार बना रही है, जिससे गरीब और वंचित तबके के छात्र पीछे छूट रहे हैं। राहुल ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर शिक्षा को सबके लिए सुलभ और न्यायपूर्ण बनाएगी।















