अलवर के मिनी सचिवालय में एक युवक ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसके हाथ से पेट्रोल की केन छीन ली। युवक ने बताया कि उसके भाई ने कुछ दिन पहले अलवर से भागकर गाजियाबाद में कोर्ट मैरिज की थी।
इस घटना के बाद लड़की के परिजनों ने उसे अलवर वापस लाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया और उसे जेल भेजवाया। युवक का कहना था कि कुछ दिन पहले उसके चचेरे भाई को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया और मारपीट की। युवक ने आरोप लगाया कि बार-बार पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उसने मिनी सचिवालय में आत्मदाह करने की कोशिश की। इस मामले की जांच मालाखेड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है।















