मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मॉडल सोलर ग्राम के चयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं वैण्डर्स ने भाग लिया। योजना के सफल क्रियान्वयन और ग्रामीण स्तर तक ऊर्जा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के उपरांत चरथावल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम रोनी और हरजीपुर को मॉडल सोलर ग्राम के रूप में चयनित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में मौजूद बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं और अनावश्यक दस्तावेजों की मांग कर लाभार्थियों को परेशान न करें। साथ ही उन्होंने कहा कि लाभार्थियों एवं वैण्डर्स से बैंक अधिकारियों को सहयोगात्मक और सौम्य व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने बैंकों द्वारा ऋण वितरण में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई। विद्युत विभाग के अधिकारियों को संयंत्र सत्यापन, स्मार्ट मीटर और नेट मीटर की स्थापना तथा मीटर रीडिंग के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यूपीनेडा के परियोजना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे अग्रणी जिला प्रबंधक और विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाकर संयंत्र स्थापना में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। परियोजना प्रभारी ने बताया कि जनपद के लिए निर्धारित 4702 संयंत्रों के लक्ष्य में से अब तक 3651 संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 3021 लाभार्थियों को अनुदान प्राप्त हो चुका है। जनपद में वर्तमान में कुल 54 वैण्डर्स कार्यरत हैं, जो कि कैनोपी लगाकर, बैनर तथा पम्पलेट वितरित कर योजना का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
बैठक में उप निदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता, खंड विकास अधिकारी, सीनियर मैनेजर अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, बैंकों के जिला समन्वयक, यूपीनेडा के परियोजना प्रभारी एवं जनपद के सभी वैण्डर्स उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं की धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।















