मालाखेड़ा स्थित सैनी स्कूल में सैनी समाज सुधार एवं उत्थान समिति की बैठक अध्यक्ष रामजीलाल सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राजगढ़, बहादुरपुर, रामगढ़, नौगांवा, गोविंदगढ़, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, रैणी, थानागाजी सहित अनेक तहसीलों से समाज के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। लालाराम सैनी ने समिति की ओर से 15 सूत्रीय एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसमें गोद भराई, कुआं पूजन, जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ जैसे आयोजनों को सूक्ष्म रूप से मनाने, प्री वेडिंग शूट, दहेज और नशीले पदार्थों के प्रयोग पर रोक लगाने की बात कही गई। यह भी निर्णय लिया गया कि निमंत्रण कार्ड की बजाय व्हाट्सएप पर संदेश भेजे जाएं। नाबालिगों को स्मार्टफोन न देने और नशे से दूर रखने की अपील की गई। समाज में फिजूलखर्ची कम कर उस धन को बच्चों की शिक्षा और रोजगार पर खर्च करने पर सहमति बनी। विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के पुनर्विवाह को सामाजिक मान्यता देने पर भी चर्चा हुई। समिति द्वारा लिए गए सभी निर्णय 1 जुलाई से अलवर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू किए जाएंगे। अंत में अध्यक्ष ने सभी का आभार जताते हुए सुधार कार्यों में सहयोग की अपील की।















