मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने जोन-4 थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंडलायुक्त सहारनपुर की प्रेरणा एवं विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
चारथावल रोड स्थित बाननगर में खसरा संख्या 445 पर लगभग 5 बीघा भूमि में राजकुमार पुत्र बल्ला और अनिल कुमार द्वारा प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। इस अवैध निर्माण के खिलाफ पहले भी प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के बाद भी जब संबंधित भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया, तो प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए।
निर्देशों के अनुसार प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर पूरी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















