मुज़फ्फरनगर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर निकिता शर्मा के नेतृत्व में पुरकाजी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। लगभग 6 बीघा भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को प्रशासन ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। यह कॉलोनी मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण और जिला पंचायत की स्वीकृति के बिना तैयार की जा रही थी। मौके पर नायब तहसीलदार अमित कुमार, राजस्व विभाग, थाना पुरकाजी पुलिस टीम और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन को इस कॉलोनी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद पुष्टि हुई कि जमीन पर अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी निकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शहरी विकास में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। साथ ही भू-माफियाओं को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















