मुजफ्फरनगर: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) द्वारा होली के शुभ अवसर पर होटल द मेडेलिन, मेरठ रोड पर एक भव्य होली कार्निवल का आयोजन किया गया, जिसमें आईआईए परिवार के सदस्यों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईए चैप्टर चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आईआईए की सामाजिक और औद्योगिक पहल की सराहना की। बिजनेस अचीवर्स अवार्ड से आकाश बंसल को सम्मानित किया गया, वहीं कु. राजवी जैन की नृत्य प्रस्तुति और पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर द्वारा गाए गए होली गीत ने सभी का मन मोह लिया।

आईआईए के युवा उद्यमियों ने फिल्म “शोले” की कॉमेडी और डांस प्रस्तुति देकर माहौल को मनोरंजक बना दिया, जिसे खूब सराहा गया। बड़ी स्क्रीन पर क्रिकेट मैच का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिससे खेल प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिला। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य मेडल देकर सम्मानित किया गया। बंपर लकी ड्रॉ में तीन स्मार्ट वॉच सीए मुकेश सिंघल वुड़ लाइफस्टाइल नोएडा द्वारा भेंट की गईं।
कार्यक्रम में आईआईए के वरिष्ठ पदाधिकारी, उद्योगपति, समाजसेवी, पुलिस विभाग के अधिकारी, एडवोकेट, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और शहर के गणमान्य नागरिक परिवार सहित शामिल हुए। सफल आयोजन के लिए आईआईए युवा विंग के कोऑर्डिनेटर अमन गुप्ता और सचिव अमित जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अंत में चैप्टर चेयरमैन पवन गोयल ने आयोजन समिति और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।















