उत्तराखंड में वसंत ऋतु् में मौसम के विविध रंग दिख रहे हैं। मसूरी में मंगलवार शाम को बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के साथ सर्द हवाएं भी चलीं।जबकि देहरादून में मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि शाम तक ठंडी हवाएं चलने लगी थीं।मंगलवार को देहरादून में 30.02 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंतनगर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा।नई टिहरी में भी अधिकतम तापमान 20.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरादून में पिछले चार दिनों से लगातार तेज धूप निकल रही है और दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को आसमान मुख्यत साफ रहेगा, तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।देहरादून में शाम को छाएबादल: देहरादून में दिनभर तेज धूप निकलने और गर्म रहने के बाद शाम के समय उमस बन गई। राजपुर, रायपुर, चकराता रोड, घंटाघर आदि जगह पर बादल छाए रहे। हवाएं भी चलती रहीं।जबकि मसूरी में अचानक बदले मौसम से पर्यटक खुश नजर आए। कई लोग बारिश के बीच माल रोड पर टहलते नजर आए। बारिश के साथ सर्द हवाएं भी चलीं। सर्द हवाएं चलने के साथ लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए।















