अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक चालक अकरम (35) की मौत हो गई। मृतक अकरम, तिजारा क्षेत्र के डाकपुरी गांव निवासी था और बूंदी की ओर से ट्रक लेकर जा रहा था। हादसा उस समय हुआ जब उसके आगे चल रहे एक ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे अकरम का ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अकरम को तुरंत अलवर के सानिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। हालांकि, जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही अकरम ने दम तोड़ दिया। उसे वापस अलवर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के ससुर सिरदार खां ने हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।















