मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन में नवनियुक्त कार्मिकों का सम्मान

राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन का आयोजन शनिवार को राजकीय महाविद्यालय के विज्ञान भवन में हुआ। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा राजस्थान दिवस पर हर वर्ग के लिए की जा रही घोषणाएं और जनकल्याणकारी कार्यों का शुभारंभ सराहनीय कदम है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने राज्य बजट में जिले से संबंधित घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सांसद लुंबाराम चौधरी ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की सराहना करते हुए इनका अधिकतम प्रचार-प्रसार करने और सभी को लाभान्वित करने की बात कही। डॉ. रक्षा भंडारी ने राजस्थान दिवस की बधाई देते हुए ‘मा वाउचर योजना’ की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम का नोडल विभाग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कुल 164 नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट प्रदान की गई, जिनमें चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के 138, कॉलेज शिक्षा के 8, पंचायत राज के 7, आईसीडीएस के 3, प्रारंभिक शिक्षा के 2 तथा माध्यमिक शिक्षा, आयुर्वेद, कोष एवं लेखा, पीएचईडी, राजस्व, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एक-एक कार्मिक शामिल थे।

इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के कई पुरस्कार वितरित किए गए। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में सीएचसी सिलदर के डॉ. सुरेश जालोरा, पीएचसी आल्पा की मनीषा रायका, पीएचसी अंदोर के डॉ. प्रकाश नोगिया और एसडीएच आबू रोड के इंचार्ज डॉ. परमानंद गुप्ता को सम्मानित किया गया। ‘मा वाउचर योजना’ में विशेष योगदान के लिए देसाई डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉ. भूपत भाई देसाई को विशिष्ट अवार्ड प्रदान किया गया।

परिवार कल्याण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएचसी सिरोडी के डॉ. अजय सिंह, पीएचसी आलपा की डॉ. मनीषा रायका एवं ग्राम पंचायत मारोल, रोवाडा, सरतरा, अचपुरा और वासडा को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।

कायाकल्प कार्यक्रम में पीएचसी आल्पा को 2 लाख रुपये, सीएचसी कालंद्री, पिंडवाड़ा और माउंट आबू को 1 लाख रुपये, पीएचसी वीरवाड़ा, भुला, भटाना, सिरोडी, मंडार, कैलाश नगर, अंदोर, बरलूट, वराडा, पाडीव, तवरी और मेरमंडवाड़ा को 50 हजार रुपये, उप स्वास्थ्य केंद्र उड़वारिया को 1 लाख रुपये, जनापुर को 50 हजार रुपये और विरोली को 25 हजार रुपये का पुरस्कार, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र पुरोहित सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राकेश पुरोहित ने किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts