मुजफ्फरनगर। जनपद में पिछले तीन दिनों से चल रही होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा सोमवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की मुस्तैदी के चलते तीन दिनों तक दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। अंतिम दिन भी अधिकारी पूरी तरह सक्रिय नजर आए और विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखी।
इस भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक रणनीति तैयार की थी। जनपद में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा के दौरान शांति और अनुशासन बना रहा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी गई। परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई थी, जो समय-समय पर निरीक्षण करते रहे।
अंतिम दिन भी प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखा। परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। अधिकारियों ने भी पूरी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह भर्ती अभियान होमगार्ड विभाग को सक्षम और समर्पित जवान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।















