फर्जी क्लिनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, झोला छाप प्रेम बाला रंगे हाथों गिरफ्तार.

सिरोही जिले में स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी क्लिनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दांता और सिंदरत गांवों में अवैध रूप से संचालित दो क्लिनिकों को पकड़ा और सील किया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देशन और उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.पी. शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को की गई।

दांता गांव में प्रेम बाला नामक महिला को बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री या लाइसेंस के क्लिनिक संचालित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से भारी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्शन, मेडिकल उपकरण और एक रजिस्टर जब्त किया गया। यह झोला छाप चिकित्सा सेवाओं के नाम पर ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ कर रही थी।वहीं, सिंदरत गांव में भी एक अन्य अवैध क्लिनिक पर दबिश दी गई, लेकिन क्लिनिक संचालक कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया। हालांकि, वहां से भी दवाएं और अवैध उपचार सामग्री जब्त कर क्लिनिक को सील कर दिया गया।

इस कार्रवाई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मकरोड़ा के सीनियर नर्सिंग अधिकारी खरता राम और वाहन चालक हनुवंत सिंह देवड़ा मौजूद रहे। डॉ. एस.पी. शर्मा ने बताया कि जिले में बिना पंजीकरण और डिग्री के झोला छाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस तरह के अवैध क्लिनिकों की सूचना तुरंत विभाग या प्रशासन को दें, ताकि कड़ी कार्रवाई की जा सके।डॉ. दिनेश खराड़ी ने कहा कि किसी भी हालत में अवैध क्लिनिक संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts