एसआईआर मतदाता पुनरीक्षण में भारी लापरवाही, बीएलओ को गणना फार्म तक नहीं मिले – साजिद हसन

मुज़फ़्फ़रनगर।समाजवादी पार्टी के निर्वाचन जोन प्रभारी साजिद हसन ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एसआईआर मतदाता पुनरीक्षण अभियान में भारी लापरवाही और अव्यवस्था देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने बड़े-बड़े दावे करते हुए यह अभियान 4 नवंबर से शुरू करने की घोषणा की थी, जिसके तहत 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित किए जाने थे। लेकिन अभियान शुरू हुए छह दिन बीत जाने के बाद भी आधे से अधिक बीएलओ को गणना फार्म तक नहीं मिल पाए हैं। इस स्थिति ने प्रशासन की अधूरी तैयारी और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है।सपा नेता ने कहा कि जब गणना फार्म ही बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, तो वे मतदाताओं तक कैसे पहुंचेंगे। यह सीधे तौर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस एक महीने के अभियान में पहले ही एक सप्ताह व्यर्थ हो चुका है, जिससे मतदाता पुनरीक्षण कार्य समय पर पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है। उन्होंने इस देरी और अव्यवस्था के लिए निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।साजिद हसन ने मांग की है कि जिन क्षेत्रों में अभी तक यह अभियान शुरू नहीं हो पाया है, वहां पर तत्काल प्रभाव से समयावधि बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द सभी बीएलओ को पर्याप्त संख्या में गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएं और बीएलओ सुपरवाइजरों को पूर्ण रूप से सक्रिय किया जाए, ताकि अभियान गति पकड़ सके।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र स्थिति में सुधार नहीं किया और मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित करने की यह लापरवाही जारी रही, तो समाजवादी पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण एक अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जो लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाती है। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और जिम्मेदारी की कमी से यह अभियान प्रभावित हो रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।सपा नेता ने कहा कि सरकार और प्रशासन को समझना चाहिए कि मतदाता सूची का सही और समय पर पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि यह प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से नहीं चलेगी, तो इसका सीधा असर भविष्य के चुनावों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts