मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। इंटरमीडिएट वर्ग में आंचल सैनी ने 88.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल किया, जिससे विद्यालय को गौरवान्वित होने का अवसर मिला। आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय में उसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं इंटरमीडिएट में आयशा ने 81.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि हर्षित कुमार और सादिका रहमान ने 81.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
हाईस्कूल वर्ग में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हर्षित गुप्ता ने 86.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इरम ने 84.8 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अवनिका ने 84.5 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय का हाईस्कूल परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा, जो संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन का प्रमाण है। वहीं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल भी 98 प्रतिशत रहा, जो अत्यंत सराहनीय है।
विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रधानाचार्य डॉ. प्रवेन्द्र दहिया सहित अंकित चौधरी, विकास भार्गव, जितेंद्र कुमार, रूपेश कुमार, शुभम कुमार, पी.के. मिश्रा, अजीत सिंह और सतकुमार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी छात्र-छात्राएं इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और जनपद का नाम ऊंचा करेंगे।














