स्वदेशी मेला 2025 का भव्य उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान

मुज़फ़्फ़रनगर में 9 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल और जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मेला शुभांरभ किया। उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने मेला स्थल पर लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों की सराहना की। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि प्रधानमंत्री की ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्पना के तहत अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदें, ताकि स्वदेशी उद्योगों और कारीगरों को बढ़ावा मिल सके। धर्मेंद्र भारद्वाज ने उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस मेले की प्रशंसा करते हुए इसे स्थानीय उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

स्वदेशी मेला-2025 में विशेष रूप से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की 50 लाभार्थी महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई, जिससे उनके स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पी आर पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई। उपायुक्त उद्योग जैस्मिन, सहायक आयुक्त आशीष, जिला उद्यान अधिकारी अवनीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।

मेले में लोगों को स्थानीय उत्पादों की विविधता देखने और खरीदने का अवसर मिला, जिससे ग्रामीण और शहरी कारीगरों के उत्पादों को सीधे खरीदारों तक पहुँचाने में मदद मिली। उद्घाटन समारोह ने न केवल स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित किया, बल्कि समुदाय में स्वदेशी को बढ़ावा देने की भावना को भी मजबूत किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts