मुजफ्फरनगर में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारम्भ बड़े ही भव्य और जागरूकता पूर्ण कार्यक्रम के साथ किया गया। परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश, जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा यह आयोजन होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा, तहसील सदर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुशील कुमार मिश्र, कॉरिडोर मैनेजर प्रेमबल्लभ चमोली, एनएचएआई सेफ्टी मैनेजर अश्विनी शर्मा, पीटीओ राजेन्द्र श्रीवास्तव, राजकीय पुस्तकालय प्रभारी डॉ रणवीर सिंह सहित अनेक अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यालय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत लाइव प्लांट, स्मृति चिह्न एवं सड़क सुरक्षा शपथ सामग्री भेंट कर किया गया।
विद्यार्थियों की सहभागिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। पीआर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, वहीं होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा गीत के माध्यम से संदेश दिया। स्थानीय नवोदित कलाकारों की प्रस्तुतियों और परिवहन विभाग द्वारा प्रदर्शित वीडियो क्लिप्स के जरिए भी आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष ने जनपदवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील करते हुए विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने का आग्रह किया और इस संदेश को घर–घर तक पहुंचाने की बात कही। पुलिस अधीक्षक यातायात ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे वाहन न चलाएं और सड़क संकेतों का सदैव ध्यान रखें, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होता है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने भारत में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए नियमों के सख्त पालन की आवश्यकता बताई।कॉरिडोर मैनेजर ने हाईवे से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा करते हुए अतिक्रमण न करने और दुर्घटना की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1033 पर कॉल करने की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा सभी को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की शपथ दिलाई गई। अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति–पत्र प्रदान किए गए तथा कैलेंडर व जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ राजीव कुमार ने किया और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने स्मृति चिह्न भेंट कर सभी का आभार व्यक्त किया।
















