मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ रुड़की रोड स्थित हिमालयन पब्लिक स्कूल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने विद्यालय के बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होता है। यदि बच्चे स्वस्थ रहेंगे तभी वे शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों के पोषण, विकास और पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं, इसलिए इस तरह के स्वास्थ्य अभियानों में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में कुल 15,68,390 बच्चों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष प्रथम चरण में 13,71,322 बच्चों को दवा दी जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बच्चे किसी कारणवश आज दवा नहीं ले पाए हैं, उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड के तहत दवा खिलाई जाएगी।डॉ. सुनील तेवतिया ने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार दी जा रही है। यह दवा बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने में सहायक है और उनके समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण और कमजोरी का प्रमुख कारण बनता है। ऐसे में इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम में हिमालयन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विजेंद्र सिंह और राम कुमार की उपस्थिति रही। साथ ही प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप, रामकुमार रागी, अक्षय शर्मा स्टेनो, योगेश त्यागी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, अनुराधा बीपीएम, अनीता सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया गया और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
















