मुजफ्फरनगर बाईपास पर 6-लेन फ्लाईओवर समेत ₹419.47 करोड़ की बड़ी परियोजना को मंजूरी, यातायात जाम से मिलेगी राहत

मुजफ्फरनगर। मेरठ–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास के आरंभिक हिस्से में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुचारु बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग और उधमशीलता विभाग तथा नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ₹419.47 करोड़ की लागत वाली महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और यातायात सुधार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मुजफ्फरनगर बाईपास के प्रारंभिक बिंदु पर 6-लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सहायक मार्गों का भी विकास होगा, ताकि स्थानीय और बाहरी यातायात को अलग-अलग मार्ग मिल सके। इसके अतिरिक्त वर्तमान 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को 6-लेन तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे सड़क की वहन क्षमता बढ़ेगी और वाहनों की गति में सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों के दबाव को कम करना है। विशेष रूप से वेहलना चौक के पास लगने वाले भारी जाम से लोगों को राहत दिलाना इस योजना की प्राथमिकता है। इसके पूरा होने से दिल्ली–उत्तराखंड कॉरिडोर पर यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे दैनिक यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन को भी सीधा लाभ मिलेगा।परियोजना के अंतर्गत प्रमुख चौराहों पर ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा, जंक्शनों का सुधार और आधुनिकीकरण होगा तथा क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं को चौड़ा किया जाएगा। सुरक्षित और कुशल आवागमन के लिए स्लिप रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित नहीं होगा। यह परियोजना नियोजित शहरी विस्तार को प्रोत्साहित करेगी और रिबन डेवलपमेंट को भी गति देगी।सड़क सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों, जिन्हें ब्लैकस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है, वहां वाहन अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और स्थानीय यातायात को सुरक्षित क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी।कुल मिलाकर यह परियोजना मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, औद्योगिक परिवहन, कृषि आपूर्ति श्रृंखला और धार्मिक व पर्यटन यातायात को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा देगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस योजना के पूरा होने से शहर की सड़कें अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम बनेंगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts