मुजफ्फरनगर। सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आयोजन स्थल पर पूरे जनपद से आए कलाकारों, शिक्षकों, निर्णायकों और दर्शकों की उपस्थिति से वातावरण सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा।कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज कमहेड़ा के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह सहित संगीत गायन एवं वादन से जुड़ी कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। इनमें दीपा सोनी, पूनम, वंदना राय, मनीषा सहित अन्य नाम प्रमुख रहे। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने संगीत, नृत्य और वादन की अलग-अलग विधाओं में अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
निर्णायक मंडल की भूमिका में मनोज शील, रुचिका सिंह और राखी कौशिक ने निष्पक्ष एवं सटीक निर्णय देकर प्रतियोगिता को सफल बनाया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। 14 से 25 वर्ष आयु वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता में साधना राज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अल शिफा को द्वितीय और उर्वशी को तृतीय स्थान मिला। 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता में आशीष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं पलविंदर और अजय कुमार संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे तथा उर्वशी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।नृत्य विधा में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, प्राची ने द्वितीय और वैष्णवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। समूह नृत्य में प्रिंसी एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया, जबकि वैष्णवी एंड ग्रुप को द्वितीय स्थान मिला। एकल वादन विधा में सम्राट धीर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का संचालन शैली रंजन, प्रवक्ता संगीत गायन ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे आयोजन पूरे समय अनुशासित और रोचक बना रहा। आयोजक के रूप में विद्यालय की प्रधानाचार्या राजेश कुमारी ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों और सभी आगंतुकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विजयी छात्र-छात्राओं और सभी कलाकारों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
















