रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन के नए सत्र का भव्य आगाज़, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार

मुज़फ्फरनगर। रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन के वर्ष 2026-27 के नवीन कार्यकाल का इंस्टॉलेशन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 रोटेरियन पायल गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयरमैन रोटेरियन सागर शर्मा उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व पदाधिकारियों ने कॉलर ट्रांसफर की परंपरा निभाते हुए नए नेतृत्व को विधिवत कार्यभार सौंपा। रोटेरियन राजकुमार गुप्ता (एडवोकेट) ने क्लब अध्यक्ष, रोटेरियन दीपक सिंघल ने सचिव तथा रोटेरियन राजीव गुप्ता ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब आगामी वर्ष में सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक जनहितकारी प्रकल्पों को समर्पित भाव से संचालित करेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी की सेवा भावना को और अधिक मजबूत करते हुए क्लब की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य अतिथि रोटेरियन पायल गौड़ ने अपने संबोधन में रोटरी के माध्यम से समाजसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुज़फ्फरनगर मिडटाउन क्लब सदस्यता बढ़ाने और सेवा कार्यों के संचालन में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्लब का नेतृत्व करना गर्व की बात है और उन्हें विश्वास है कि नई टीम भी सेवा के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि रोटेरियन सागर शर्मा ने रोटरी फाउंडेशन में एक-एक हजार डॉलर का योगदान देने वाले रोटेरियन सीए प्रगति कुमार, भुवनेश गुप्ता और उमेश गोयल को सम्मानित किया। समारोह के दौरान डॉक्टर अभिषेक अग्रवाल, रोटेरियन अपूर्व गर्ग और रोटेरियन सतांशु अग्रवाल को लेबल पिन पहनाकर रोटरी परिवार में शामिल किया गया। कार्यक्रम में रोटेरियन उमेश गोयल, आकाश बंसल, भुवनेश गुप्ता, राजेश मित्तल, प्रशांत गुप्ता, राहुल सिंघल, अभय गुप्ता, सुनील अग्रवाल, प्रगति कुमार सहित क्लब के अनेक सदस्य और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रोटेरियन कौशल कृष्ण, रोटेरियन विनय सिंघल और रोटेरियन विपुल भटनागर ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न यह समारोह रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन के नए कार्यकाल की सफल, ऊर्जावान और प्रेरणादायी शुरुआत का प्रतीक बना।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts