अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का भव्य आगाज, योग जागरूकता मार्च के साथ दिया स्वस्थ जीवन का संदेश.

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 के अंतर्गत कमला नेहरू वाटिका से योग जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम तथा ‘हर घर योगा, हर घर होगा’ के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने संयुक्त रूप से योग जागरूकता मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों, साधकों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को संतुलित रखने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास और ध्यान व्यक्ति को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा तनावमुक्त जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान मिल सके।जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित अभ्यास अनेक असाध्य रोगों से बचाव का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनियों की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का प्रमुख आधार भी योग ही रहा है। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल सिंह ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह 15 जून से 21 जून तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों, योग सत्रों और विशेष गतिविधियों के माध्यम से मनाया जाएगा।

डॉ. इसमपाल सिंह ने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपदीय आयोजन 21 जून को प्रातः 7 बजे चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मेरठ रोड पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया। वहीं नन्ही योग साधक आराध्या ने संगीतमय प्रस्तुति के साथ विभिन्न योगासनों का आकर्षक प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया और खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार ने योग सप्ताह से संबंधित फ्लायर्स एवं ब्रोशर वितरित कर लोगों को कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के प्रविन्द्र बालियान तथा आर्ट ऑफ लिविंग की सोनिया लूथरा, सीमा सिंह, रुचिका, अनघ सिंघल और निधि सहित अनेक योग साधकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के समापन पर कमला नेहरू वाटिका से मीनाक्षी चौक तक योग जागरूकता मार्च निकाला गया, जिसमें योग अपनाने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया गया। अंत में डॉ. इसमपाल सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में आयुष विभाग का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts