मुजफ्फरनगर में विद्युत पेंशनर्स परिषद जनपद शाखा का वार्षिक अधिवेशन लिंक रोड स्थित न्यू दावत पार्टी हॉल में अत्यंत भव्यता और गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंo एम.डी. शर्मा ने की, जबकि मंच पर सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता इंo लोकेश चंद्रा, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष इंo बी.आर. शर्मा, केंद्रीय संरक्षक सदस्य इंo एस.सी. गर्ग सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ शामली, सहारनपुर, बिजनौर और मेरठ जैसे आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान इंo बी.बी. गुप्ता और सचिव योगेंद्र कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन इंo उमेश चंद्र वर्मा ने करते हुए पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित मांग पत्र प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव का लाभ समाज को निरंतर मिलता रहना चाहिए। उन्होंने परिषद द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर जो भी मांगें लंबित हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। वहीं वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेश चंद यादव और क्षेत्रीय मुख्य अभियंता इंo वी.के. गुप्ता ने भी भरोसा दिलाया कि उनके स्तर से संबंधित सभी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पेंशनर्स को कार्यालयों में सम्मानजनक व्यवहार मिले, इसके लिए पहले से ही अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंo डी.पी. जैन, महामंत्री इंo डी.के. गुप्ता और इंo रामबीर सिंह ने आठवें केंद्रीय वेतन आयोग में पेंशन वैलिडेशन एक्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और पेंशनर्स के हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान अतिवरिष्ठ पेंशनर्स जैसे इंo एस.सी. गर्ग, इंo बी.आर. शर्मा, सी.डी. शर्मा, के.सी. त्यागी, बृजपाल सिंह, के.एस. वर्मा, के.डी. सैनी, वेदपाल शर्मा और सुरेंद्र कुमार मित्तल सहित कई वरिष्ठ सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अधिवेशन के अंत में परिषद की नई कार्यकारिणी के लिए वार्षिक चुनाव भी संपन्न हुए, जिसमें शिवकुमार त्यागी को अध्यक्ष और योगेंद्र कुमार शर्मा को सचिव पद पर निर्विरोध चुना गया। कार्यक्रम में जयपाल मलिक, भोपाल सिंह, जसवीर सिंह, केपी सिंह, महेंद्र वर्मा, बिजेंद्र वर्मा, अमरनाथ त्यागी, धीर सिंह, बीबी शर्मा, सोम सिंह, योगेंद्र कुमार, एमजी रोहिला, सुरेश चंद शर्मा, कालूराम रोहिला, राजकुमार गर्ग, मांगे सिंह सैनी सहित सैकड़ों पेंशनर्स ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।















