मुजफ्फरनगर में अलविदा जुमा शांतिपूर्ण संपन्न, पुलिस का सख्त पहरा और फ्लैग मार्च.

मुजफ्फरनगर में अलविदा जुमा के अवसर पर शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। जनपद में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा खालापार सहित नगर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। उनकी निगरानी में अलविदा जुमा की नमाज सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई।इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा और भारी पुलिस बल के साथ शहर के भीड़-भाड़ एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सघन फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत किया गया और लोगों को भरोसा दिलाया गया कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली खबर साझा न करें और किसी भी सूचना की पुष्टि पहले पुलिस या प्रशासन से अवश्य कर लें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर शांति और भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।

इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। स्थानीय धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ संवाद कर सभी से सहयोग की अपील की गई।नवरात्रि और आगामी ईद पर्व को देखते हुए पूरे जनपद में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि पीआरवी और मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी लोग निर्धारित स्थानों ईदगाह और मस्जिदों में ही नमाज अदा करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts