मुज़फ्फरनगर में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप और रक्तदान शिविर का आयोजन,

मुज़फ्फरनगर। समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए निरामया हेल्थ केयर की ओर से सराय रसूलपुर गांव में एक भव्य निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस जनहितकारी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।

इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने लोगों की जांच की और परामर्श दिया। डॉ. आलोक (जनरल फिजिशियन), डॉ. जसवन्त (सीनियर जनरल फिजिशियन), डॉ. साकिब त्यागी (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. गजाला (स्त्री रोग विशेषज्ञ) तथा निदा अली (ड्रग स्पेशलिस्ट) ने सहयोगी स्टाफ अली किंजा (जीएनएम), कार्तिक सिंघल, महफूज अली और सफीना जैदी की टीम के साथ मिलकर शिविर को सफल बनाया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, ईसीजी सहित कई जरूरी स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। डॉक्टरों ने महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की विस्तार से जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं सलाह प्रदान की।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और सही जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

रक्तदान शिविर में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखने लायक रहा। दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों की जान बचाने में सहायक होता है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंदों को बड़ी राहत प्रदान करते हैं। अंत में आयोजकों ने सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts