बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बदौसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भैंस-पड़वा चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सूचना मिलने के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 81 मवेशी, 80 हजार रुपये नकद, अवैध तमंचा-कारतूस एवं चोरी में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए गए हैं।थाना बदौसा क्षेत्र के निजामी नगर दुबरिया निवासी बोडाराम यादव पुत्र सुमेरा यादव ने 2 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी कि उनके घर के बाहर बंधी दो भैंस व एक पड़वा अज्ञात चोर चुरा ले गए हैं। घटना की सूचना पर तत्काल अभियोग पंजीकृत कर टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए हड़हा माफी रोड पर भुसासी गांव की ओर जाने वाले मार्ग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अफसर कुरैशी के पास से 315 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक पिकअप, एक डीसीएम वाहन दो मोबाइल फोन व 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। उक्त धनराशि आरोपियों द्वारा पूर्व में चोरी की गई भैंसों को बेचकर अर्जित की गई थी।गिरफ्तार आरोपी कुंदन उर्फ अवधेश पुत्र हीरालाल निवासी कच्ची गली, बदौसा; युसुफ खान पुत्र अजमत खान निवासी निजामी नगर दुबरिया, बदौसा; शारीक पुत्र सद्दीक व अफसर कुरैशी पुत्र आफाक कुरैशी निवासी कोर्रही, थाना बिसंडा के निवासी है।एसपी पलाश बंसल ने पुलिस टीम के त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।















