मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना मोड़ रोड (पीन्ना) पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक 20 मेगावोल्ट क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल द्वारा किया गया। यह उपकेंद्र न केवल एक तकनीकी ढांचा है, बल्कि यह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनता की आवश्यकताओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। मंत्री ने बताया कि इस उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्रवासियों को 24 घंटे निर्बाध और स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे घरेलू, व्यापारिक और औद्योगिक सभी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।बुढ़ाना मोड़ पर प्रस्तावित यह उपकेंद्र अब शामली रोड स्थित पुराने उपकेंद्र का स्थान लेगा।
इससे खांजापुर, गौशाला, रामलीला टिल्ला, लद्दावाला, प्रेमपुरी, कृष्णापुरी, खालापार, नुमाइश कैम्प, लक्ष्मण विहार सहित आसपास के सभी मोहल्लों को स्थायी राहत मिलेगी। इन क्षेत्रों में वर्षों से ट्रिपिंग, वोल्टेज की कमी और बिजली कटौती जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई थीं, जिनका अब समाधान हो सकेगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और समाजसेवियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल, महामंत्री राधे वर्मा, उपाध्यक्ष शलभ गर्ग, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, मोहित मलिक, प्रशांत चौधरी, मनु प्रिय मजदूर, हरेंद्र पाल, अजय सागर, अमित सुध सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने इस पहल को मुजफ्फरनगर की बिजली व्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया। जनसमूह के उत्साह और चेहरे की मुस्कान से स्पष्ट था कि यह उपकेंद्र क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने जा रहा है।















